‘लाडला’ नहीं, अब दौड़ेगा ‘वंदे भारत’… अनंत सिंह की बेटी की शादी में होगा घोड़ों का अनोखा मुकाबला

‘लाडला’ नहीं, अब दौड़ेगा ‘वंदे भारत’… अनंत सिंह की बेटी की शादी में होगा घोड़ों का अनोखा मुकाबला

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में राष्ट्रीय स्तर की घुड़दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र है. बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में 25 नवंबर को घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी.

बिहार के चर्चित विधायक अनंत सिंह के घर होने वाली शादी इस बार सिर्फ शाही इंतजामों और मेहमानों की मौजूदगी के लिए ही नहीं, बल्कि एक खास घुड़दौड़ प्रतियोगिता के लिए भी चर्चा में है. अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में होनी है. इस हाईप्रोफाइल शादी के मौके पर राष्ट्रीय स्तर की घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. मुकाबले में अलग-अलग राज्यों से घोड़े और उनके सवार हिस्सा लेने पहुंचेंगे.

इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. गांव में करीब 10 से 12 बीघा जमीन को समतल कर रेस ट्रैक तैयार किया जा रहा है. दर्शकों के बैठने और मुकाबले को देखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. आयोजन को भव्य बनाने के लिए पुरस्कारों की भी आकर्षक व्यवस्था की गई है. प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाले घोड़े और उसके सवार को महिंद्रा थार रॉक्स दी जाएगी. दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान के विजेता को स्कूटर मिलेगा.

रेस में क्यों नहीं शामिल होगा लाडला?

हालांकि, इस बार मुकाबले में अनंत सिंह के पसंदीदा घोड़े लाडला के दौड़ने पर संशय बना हुआ है. बताया जा रहा है कि लाडला की तबीयत ठीक नहीं है. डॉक्टरों और प्रशिक्षकों की ओर से भी उसकी भागीदारी को लेकर फिलहाल अनिश्चितता जताई गई है. ऐसे में शादी समारोह में होने वाली इस खास रेस में लाडला की जगह दूसरे घोड़े मैदान में उतर सकते हैं.

मुख्य प्रशिक्षक इस्माइल के मुताबिक, वंदे भारत, क्रांतिवीर और श्याम प्रतियोगिता के लिए तैयार हैं. इन घोड़ों को लगातार अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि मुकाबले के दिन वे पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन कर सकें.

देश के अलग-अलग हिस्सों से आएंगे घोड़े

आयोजकों की तैयारी है कि प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले घोड़ों और सवारों को बेहतर ट्रैक और सुविधाएं मिलें. शादी के जश्न के बीच होने वाली यह घुड़दौड़ मेहमानों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी आकर्षण का बड़ा केंद्र बनने वाली है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बीमार लाडला मैदान में उतर पाएगा या वंदे भारत समेत दूसरे घोड़े रेस का रोमांच अपने नाम करेंगे.

शिवम
शिवम

घूमने का शौक, The-VOB , Daily hunt न्यूज़ में 3 साल से ज्यादा के काम का अनुभव.

Read More