45 ओवर से खाली हाथ… जसप्रीत बुमराह के लिए फिर आफत बना न्यूजीलैंड, 5 साल बाद दिया ये दर्द

45 ओवर से खाली हाथ… जसप्रीत बुमराह के लिए फिर आफत बना न्यूजीलैंड, 5 साल बाद दिया ये दर्द

जसप्रीत बुमराह ने इस टेस्ट सीरीज की शुरुआत जोरदार अंदाज में की थी और वेलिंग्टन टेस्ट के पहले दिन ही न्यूजीलैंड को कई झटके दे दिए थे. मगर इसके बाद से ही उनके विकेटों की संख्या घटती गई है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले एक बड़ा सवाल टीम इंडिया की गेंदबाजी को लेकर था. जसप्रीत बुमराह इसकी एक बड़ी वजह थे. कुछ महीनों की चोट के बाद बुमराह इसी सीरीज से वापसी कर रहे थे. साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ और न्यूजीलैंड में उनका रिकॉर्ड कुछ अच्छा नहीं था. मगर जैसे ही वेलिंग्टन टेस्ट के पहले दिन उन्होंने अपना कहर बरपाया, ऐसा लगा हालात इस बार बदल गए लेकिन ऐसा नहीं हुआ. क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच की पहली पारी में भी ये साबित हो गया, जहां बुमराह खाली हाथ लौटे.

हेगले ओवल मैदान पर चल रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन पर खत्म हुई. इस पारी में भारत की ओर से आकाश दीप ने सबसे ज्यादा 31.3 ओवर गेंदबाजी की और सबसे ज्यादा 5 विकेट भी झटके. इनके अलावा अंशुल कंबोज और डेब्यू कर रहे गुरनूर बराड़ को 2-2 विकेट मिले. स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने भी एक विकेट झटका. मगर स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह खाली हाथ लौटे.

करियर में दूसरी बार इतना बुरा हाल

हमेशा की तरह बुमराह ने इस बार भी किफायती और कसी हुई गेंदबाजी की. उन्होंने दोनों दिन में कुल मिलाकर 26 ओवर किए, जिसमें 6 मेडन थे और सिर्फ 49 रन उन्होंने खर्चे. यानि 2 रन प्रति ओवर से भी कम की किफायत. उनसे ज्यादा कसी गेंदबाजी किसी ने नहीं की. उन्होंने कई बार बल्ले को छकाया. LBW की अपील हुई. ऋषभ पंत ने एक थोड़ा मुश्किल कैच ड्रॉप भी किया. मगर सब कुछ करने के बावजूद बुमराह के खाते में विकेट नहीं आया. पांच भारतीय गेंदबाजों में वो अकेले थे, जिन्हें विकेट नहीं मिला.

इसने 5 साल पुरानी उस पारी की याद दिला दी, जब बुमराह को ऐसे ही हाल का सामना करना पड़ा था. आंकड़े बताते हैं कि ये बुमराह के टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा ओवर वाली पारी है, जिसमें उन्हें विकेट नहीं मिला. इससे पहले 2021 के WTC फाइनल में भी न्यूजीलैंड के खिलाफ ही बुमराह को 26 ओवर की गेंदबाजी के बावजूद कोई विकेट नहीं मिला था. कुल मिलाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ बुमराह की परेशानी जारी है. इस टीम के खिलाफ वो 13 पारियों में सिर्फ 14 विकेट ले सके हैं और औसत 42 का है.

45 ओवर से खाली हाथ हैं बुमराह

मगर ये स्थिति सिर्फ क्राइस्टचर्च टेस्ट की पहली पारी तक सीमित नहीं है. असल में वेलिंग्टन टेस्ट की दूसरी पारी से ही बुमराह विकेट के लिए तरस गए हैं. तब उन्होंने पहले ओवर में ही टॉम लैथम का विकेट झटक लिया था लेकिन इसके बाद अगले 19 ओवर में वो पूरी तरह खाली हाथ रहे. यही वजह थी कि टीम इंडिया दूसरी पारी में न्यूजीलैंड को ऑल आउट नहीं कर सकी और मैच ड्रॉ हो गया. कुल मिलाकर अब ये लगातार 45 ओवर हो गए हैं, जिनमें बुमराह खाली हाथ हैं और ये हाल अगर दूसरी पारी में नहीं बदला तो टीम इंडिया के लिए जीत दर्ज करना मुश्किल हो जाएगा.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More